पानीपत, 22 जनवरी (हि.स.)। यहां कृष्णा गार्डन क्षेत्र से दो नाबालिग सगी बहनों का गुरुवार काे अपहरण कर लिया। जिसकी रिपोर्ट चांदनी बाग थाने में दर्ज कराई गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोस के ही दो युवकों ने शादी करने की नीयत से दोनों बहनों को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है।

पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दो बेटियां बड़ी बेटी 15 वर्ष छोटी बेटी 13 वर्ष है। 20 जनवरी को अचानक लापता हो गई हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचित किया गया। परिजनों ने पड़ोस में रह रहे दो युवकों, सन्नी और दीपक पर संदेह जताया है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक दोनों बहनों को शादी करने की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।

चांदनी बाग थाना पुलिस ने बुधवार को पिता की शिकायत पर अपहरण और शादी के लिए मजबूर करने संबंधित मामला दर्ज कर लिया है। चांदनी बाग थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर राजेंदर सिंह को जांच सौंपी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
