पानीपत, 16 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित विद्यानंद कॉलोनी में 14 अप्रैल की रात को किसी बात को लेकर हुए झगड़े में घायल हुए युवक ने इलाज के दौरान गुरुवार सुबह पीजीआई रोहतक में दम तोड़ दिया। परिवार के अनुसार 14 अप्रैल की देर रात मृतक के दो दोस्तों ने अपने तीसरे दोस्त पर हमला कर सिर में गहरी चोट मार दी। इसके बाद वह उसे बाइक पर बैठाकर रात के अंधेरे में उसके कमरे पर घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। खबर मिलने पर परिवार के सदस्य घायल युवक को सिविल अस्पताल ले गए। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विद्यानंद कॉलोनी निवासी राजू ने बताया कि उसका 20 वर्षीय बेटा फारूक कबाड़ी का काम करता था और कॉलोनी में ही दूसरी जगह एक कमरे में अकेला रहता था। 14 अप्रैल की रात को फारूक के दो दोस्त, दीपक और अरविंद गुर्जर, उसे बाइक पर घायल अवस्था में उसके कमरे पर लेकर आए। फारूक बुरी तरह लहूलुहान था। आरोपी उसे छोड़कर तुरंत मौके से फरार हो गए, जिन्हें पड़ोसियों ने देख लिया था। पड़ोसियों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और फारूक को पानीपत सिविल अस्पताल ले गए। वहां पता चला कि वही दो युवक फारूक को पहले भी अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद सिर का सीटी स्कैन कराने की सलाह दी थी।
हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने फारूक को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में डॉक्टरों ने बताया कि चोट के कारण फारूक के सिर में खून जमा हो गया है। आज सुबह इलाज के दौरान फारूक की मौत हो गई। मृतक के पिता राजू का आरोप है कि दीपक और अरविंद गुर्जर ने किसी पुरानी रंजिश के चलते फारूक के सिर पर गहरी चोट मारी, जिससे उसकी जान चली गई। थाना चांदनी बाग प्रभारी महिपाल ने बताया कि पिता की शिकायत पर दो नामजद आरोपीयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
