नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य जिले के जामा मस्जिद थाना पुलिस ने विदेशी नागरिक से 7200 अमेरिकी डॉलर चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग भाइयों और उनके पिता को पकड़ा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 98.36 प्रतिशत रकम बरामद कर ली है।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने मंगलवार को बताया कि 15 जनवरी 2026 को एक उज्बेकिस्तान निवासी विदेशी नागरिक की शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। वह अपनी नाबालिग बेटी के कैंसर ऑपरेशन के सिलसिले में गुरुग्राम आया हुआ था। घुमने और खरीदारी के लिए वह परिवार के साथ जामा मस्जिद बाजार पहुंचा था। होटल में विदेशी मुद्रा छोड़ने से बचने के लिए वह 7200 अमेरिकी डॉलर (100-100 डॉलर के 72 नोट) स्लिंग बैग में रखकर लाया था। बाजार में अज्ञात लोगों ने उसके बैग से रकम चोरी कर ली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी के जरिए दो संदिग्ध किशोरों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 15 वर्षीय और 13 वर्षीय के रूप में हुई। छापेमारी कर दोनों को पकड़ लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों किशोर अपने पिता के इशारे पर चोरी करते थे। पिता ही मास्टरमाइंड था, जो बच्चों से वारदात कराकर खुद चोरी की रकम अपने पास रखता था, ताकि सीधे तौर पर गिरफ्तारी से बच सके। पुलिस ने आरोपित पिता को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपित पहले भी पांडव नगर थाने में दर्ज लूट के मामले में शामिल रह चुका है। वहीं दोनों किशोर भी पूर्व में चोरी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
