सुपौल, 16 फ़रवरी (हि.स.)। पिपरा थाना पुलिस को सोमवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के दुबियाही पंचायत स्थित दुलारी हाट के समीप से एक वरना कार से भारी मात्रा में नेपाली सोफी शराब बरामद की है। हालांकि मौके से तस्कर फरार होने में सफल रहे।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से अवैध शराब की बड़ी खेप क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस ने तत्पर्ता दिखाते हुए दुबियाही से चंपानगर जानेवाली सड़क पर घेराबंदी की। इसी दौरान दूबबियाही हाट के समीप एक संदिग्ध वरना कार जिसका गाड़ी नंबर WB 06H 8285 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कारके पीछे डिक्की में छिपाकर रखी गई नेपाली दिलवाले सोफी शराब की बड़ी खेप बरामद हुईl

पुलिस ने कार से कुल 1620 बोतल नेपाली सोफी शराब जब्त की है, जिसकी कुल मात्रा करीब 486 लीटर बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए। इस बाबत थानाध्यक्ष राजेश झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बरामद कार और शराब को जब्त कर थाना लाया गया है और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर अज्ञात तस्करों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस धंधे में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है l
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
