औरैया, 08 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना-अछल्दा मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बिधूना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पसुआ गांव के पास स्थित पुरहा नदी पुल पर तेज रफ्तार ओमनी कार और ईको वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस व ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में ईको सवार खुशबू, पूनम, रवि और महावीर तथा ओमनी सवार रामाधार, साहब सिंह, मानसिंह, सर्वेश और कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिधूना पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल व अन्य उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन बना रहा।
जानकारी के अनुसार, ईको वाहन में सवार लोग कन्नौज से गंगा स्नान कर अछल्दा लौट रहे थे, जबकि ओमनी कार अछल्दा से सहार की दिशा में जा रही थी। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
