वाराणसी, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक (एसआई) नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में होगीं । वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने शुक्रवार को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू करने की एडवाइजरी जारी की है। 14 और 15 मार्च को पूर्वांह 09 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक वाराणसी शहर से राजघाट पुल होते हुए आने-जाने वाले मालवाहकों पर डायवर्जन लागू रहेगा। पड़ाव चौराहा से सूजाबाद और राजघाट की ओर जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन सुबह 09 बजे से अपरान्ह दो बजे तक बंद रहेगा। दोनों दिन सुबह 9 बजे से आवश्यकता के अनुसार टेम्पो ट्रैवलर सहित अन्य चार पहिया वाहन, बसों और बड़े वाहनों को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के उत्तरी द्वार वाले जगतगंज के रास्ते से लहुराबीर और मैदागिन चौराहा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को लकड़ीमंडी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दोनों दिन आवश्यकता के अनुसार विशेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन चौराहा की ओर चार पहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगीं। पूर्वांह 09 बजे से चार पहिया वाहनों का आवागमन इस मार्ग पर नही होगा। यातायात पुलिस के अनुसार शहर में सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सभी नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए जारी एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
