बूंदी, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के हिंडोली–बासनी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर जयपुर–कोटा नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे खड़े पुलिस एस्कॉर्ट वाहन को एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

हिंडोली थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि जल संसाधन राज्य मंत्री सुरेश सिंह रावत के बूंदी आगमन को लेकर पुलिस की ओर से बासनी बॉर्डर पर एस्कॉर्ट वाहन तैनात किया गया था। एस्कॉर्ट वाहन सड़क किनारे खड़ा था और पुलिसकर्मी प्रोटोकॉल ड्यूटी के तहत मुस्तैद थे। इसी दौरान जयपुर की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े पुलिस एस्कॉर्ट वाहन से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एएसआई मोहनलाल, कांस्टेबल विजय सिंह, विनोद राम तथा वाहन चालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हिंडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से हिंडोली अस्पताल भिजवाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दो से तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
क्षतिग्रस्त वाहनों और मौके पर जुटी भीड़ के कारण यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर की तेज गति और चालक की लापरवाही सामने आ रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
