हरिद्वार, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन रिकवरी अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर पोर्टल की मदद से 18 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बरामद मोबाइल की कुल कीमत लगभग 3,03,562 आंकी गई है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक और तकनीकी सर्विलांस की सहायता से न केवल उत्तराखंड, बल्कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। सूचना मिलने पर कई राज्यों से मोबाइल स्वामी कोतवाली लक्सर पहुंचे और अपने फोन वापस पाकर खुशी जताई।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से खोए हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
