बांदा, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन में साेमवार को दिवंगत उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह को शोक परेड के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बांदा पुलिस परिवार द्वारा मृत पुलिसकर्मी के पार्थिव शरीर पर रीत एवं पुष्प चढ़ाकर अंतिम सम्मान दिया गया तथा शोक सलामी दी गई।

गौरतलब है कि प्रयागराज जनपद के सरायममरेज थाना क्षेत्र के साेनाें निवासी उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस लाइन बांदा में तैनात थे। उनका चयन 3 दिसंबर 1987 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर हुआ था। रविवार को ड्यूटी के दौरान पुलिस लाइन में अचानक चक्कर आने के बाद वह गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने साेमवार काे दिवंगत उपनिरीक्षक की शोक सभा एवं शोक परेड में अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइंस मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर, क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बेलास यादव सहित पुलिस परिवार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा पुलिस परिवार दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार के साथ खड़ा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
