नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में शनिवार तड़के एक क्लब के बाहर गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। गोली लगने से 21 वर्षीय युवक घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल की सुबह करीब 4:33 बजे थाना प्रीत विहार को जीटीबी अस्पताल से एक युवक के गोली लगने की सूचना मिली। घायल की पहचान समीर (21) निवासी नूर-ए-इलाही, घोंडा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां समीर का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समीर अपने दोस्तों के साथ प्रीत विहार स्थित एक क्लब में पार्टी करने गया था। इसी दौरान उसके दोस्त अरहम का वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष क्लब से बाहर सर्विस रोड पर आ गए।
इसी दौरान पहले से बाहर मौजूद एक अज्ञात युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अचानक गोली चला दी, जो समीर के दाहिने पैर (घुटने के नीचे) में जा लगी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल समीर को उसके दोस्तों ने तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक ने पुलिस को बताया है कि वह हमलावर को पहचानता नहीं है। मौके पर क्राइम टीम ने निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
