-महत्वपूर्ण विकासात्मक पहलों के प्रगति की भी समीक्षा

गुवाहाटी, 10 फरवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने आज अलीपुरद्वार मंडल के अधीन डांगतल-न्यू कोचबिहार सेक्शन का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रेलवे के परिचालन संरक्षा तथा आधारभूत ढांचे की विश्वसनीयता को और सशक्त करने की निरंतर पहलों का हिस्सा है। निरीक्षण में 123 किलोमीटर का हिस्सा शामिल था। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने उक्त सेक्शन में रेल पटरियों की दशा, छोटे एवं बड़े पुलों, सिग्नलिंग एवं दूरसंचार प्रणाली, ट्रैक्शन संस्थापनों, समपार फाटकों तथा स्टेशनों की आधारभूत संरचना का गहन निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया। संरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण संपत्तियों, कर्व, प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग्स तथा प्रगतिशील अनुरक्षण कार्यों की निकटता से जांच की गई ताकि निर्धारित संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित हो। उन्होंने रेल अधिकारियों एवं फ्रंटलाइन कर्मचारियों से बातचीत की तथा परिचालनिक तैयारियों, संरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सतर्कता का आकलन किया। साथ ही स्टेशनों एवं विभिन्न कार्यस्थलों पर आवश्यक संरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यक्षमता की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कोकराझार, फकीराग्राम, अलीपुरद्वार एवं न्यू कोचबिहार स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें यात्री सुविधाओं, स्टेशन के आधुनिकीकरण तथा समग्र सेवा गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने प्रतीक्षालय कक्ष, स्वास्थ्य ईकाई, क्रू लॉबी और रनिंग रूम जैसी नव निर्मित सुविधाओं का उद्घाटन और समीक्षा भी की। इसके अलावा ट्रैक्शन सबस्टेशन, पुल और नव निर्मित गैंग टूल सह विश्राम कक्ष का निरीक्षण भी किया। ऑपरेशनल कंडीशन के तहत ट्रैक और रोलिंग स्टॉक की कार्य प्रणाली का मूल्यांकन करने के लिए कामाख्यागुड़ी और न्यू कोचबिहार के बीच एक स्पीड ट्रायल किया गया।
इस निरीक्षण में डांगताल-न्यू कोचबिहार सेक्शन के रियर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी शामिल था, जिसके दौरान महाप्रबंधक ने रेल पटरियों के कार्य प्रणाली और परिचालन कार्यों की समीक्षा की। इस निरीक्षण से उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के लिए एनएफआर की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया गया। महाप्रबंधक ने रेल कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा कर इस क्षेत्र में रेल सेवा को मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
