गुवाहाटी, 27 फरवरी (हि.स.)। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर की रक्षा करने और सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने इंजीनयरिंग विभाग के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित कर फरवरी माह के दौरान जोन के क्षेत्राधिकार के अधीन कई स्थानों पर दो दिवसीय व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह पहल पूसीरे की रेलवे भूमि की रक्षा करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षा को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि पश्चिम बंगाल में यह अभियान जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा और चालसा रेलवे स्टेशनों के मध्य सेक्शन में चलाया गया। साथ ही अलीपुरद्वार जिले में दलगांव रेलवे स्टेशन के यार्ड क्षेत्र में भी यह अभियान चलाया गया। इसी तरह, असम में अतिक्रमण हटाओ अभियान जोरहाट जिला अंतर्गत मरियानी रेलवे स्टेशन के निकट और कामरूप (मेट्रो) जिला के गुवाहाटी एवं कामाख्या रेलवे स्टेशनों के बीच सेक्शन पर चलाया गया।

कुल मिलाकर, अभियानों के दौरान 37 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त किया गया। साथ ही रेलवे भूमि से सीमेंट के छह खंभे हटाए गए। इस अभियान की एक प्रमुख विशेषता यह थी कि यह गुवाहाटी रेलवे स्टेशन और कामाख्या रेलवे स्टेशन के बीच चलाया गया एक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान था, जिसमें 35 अनधिकृत संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। यह महत्वपूर्ण अभियान इस सेक्शन में सबसे व्यापक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाइयों में से एक को चिह्नित करती है और इस महत्वपूर्ण रेलवे कॉरिडोर के साथ ट्रैक दृश्यता में काफी सुधार करने, संरक्षा मानकों को मजबूत करने और भविष्य के अतिक्रमणों को रोकने की उम्मीद है।
पूसीरे, रेल संपत्ति की रक्षा करने और यात्रियों एवं ट्रेन परिचालन के लिए सुरक्षित, सकुशल तथा अवरोध-मुक्त वातावरण बनाए रखने में अडिग है। रेसुब और इंजीनयरिंग विभाग के समन्वित प्रयास रेलवे ट्रैकों के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में भी योगदान दे रहा हैं। पूसीरे, जनता से रेलवे भूमि के अनधिकृत कब्जे से परहेज करने और रेलवे सुरक्षा तथा संरक्षा बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आग्रह करता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
