नाहन, 11 मार्च (हि.स.)। शिलाई क्षेत्र में पेड़ कटान मामले को लेकर पूर्व विधायक व भाजपा नेता बलदेव तोमर ने एक बार फिर सरकार और वन विभाग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मामला 5 तारीख का है और आज 11 तारीख हो चुकी है, लेकिन अब तक न तो डीएफओ मौके पर पहुंचे हैं और न ही पूरे मामले की गंभीरता से जांच की गई है।

बलदेव तोमर ने कहा कि वन विभाग ने सिर्फ लीपापोती करते हुए बीते दिन गार्ड और आरओ को सस्पेंड कर दिया, जबकि असली जिम्मेदारी डीएफओ की भी बनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएफओ ने ही 25 पेड़ों के कटान की अनुमति दी थी, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में मंत्री ने मीडिया से बातचीत में यह आरोप लगाया था कि इस कटान मामले में पूर्व विधायक बलदेव तोमर के लोग शामिल हैं। इस पर तोमर ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री झूठ बोल रहे हैं। अगर मंत्री सच बोल रहे हैं तो जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
तोमर ने कहा कि अगर इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे चुप नहीं बैठेंगे और इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है और आने वाले समय में विधानसभा में भी प्रदेश सरकार को इस मुद्दे पर घेरा जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
