कठुआ/हीरानगर, 07 फरवरी (हि.स.)। जिला कठुआ की हीरानगर तहसील के पेहया गांव में जय मां भवानी वॉलीबॉल क्लब की ओर से वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और “नशे को ना कहें” का सशक्त संदेश देना है।

टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता, किले वाले मंदिर हीरानगर के महंत श्री कृष्ण आनंद जी महाराज तथा थाना प्रभारी हीरानगर अमित सांगड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जय भवानी वॉलीबॉल क्लब की ओर से सभी मुख्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अतिथियों ने संयुक्त रूप से वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया।

इस वॉलीबॉल टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं जो आपस में मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के उद्घाटन मौके पर गांव के सैकड़ों लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्य अतिथियों ने जय मां भवानी वॉलीबॉल क्लब की इस सराहनीय पहल की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं जो समाज के लिए चिंताजनक है। ऐसे में खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सबसे मजबूत माध्यम हैं। अतिथियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों के प्रति अपनी रुचि बढ़ाएं, क्योंकि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
