इटानगर, 24 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के गौहाटी उच्च न्यायालय की इटानगर बेंच द्वारा आईएएस अधिकारी तालो पोटम की नियमित जमानत रद्द किए जाने के बाद, अरुणाचल पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक हाई-प्रोफाइल आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में तालो पोटम की पुनः गिरफ्तारी के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एसआईटी टीम ने गिरफ्तारी आदेश के बाद तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अदालत ने नवंबर 2025 में दी गई जमानत को रद्द करते हुए कहा कि निचली अदालत ने महत्वपूर्ण सबूतों और स्थापित कानूनी सिद्धांतों की अनदेखी की थी।
अदालत ने पूर्व आदेश को विकृत बताते हुए कहा कि यह उचित विवेक के अभाव को दर्शाता है और जांच के प्रारंभिक चरण में पारित किया गया था।
यह मामला अक्टूबर, 2025 में राजधनी क्षेत्र लेखी गांव स्थित अपने किराए के आवास में 19 वर्षीय गोमचु येकर की आत्महत्या से संबंधित है। उनके पिता, टैगोम येकर ने जमानत रद्द करने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में उल्लेखित लगातार मानसिक उत्पीड़न, यौन शोषण और भ्रष्टाचार से संबंधित दबाव का आरोप लगाया था।
ट्रायल कोर्ट के दृष्टिकोण पर कड़ी आपत्ति जताते हुए, उच्च न्यायालय ने कहा कि उसने जमानत के चरण में मिनी ट्रायल किया और बिना सबूत के पीड़ित के मानसिक स्वास्थ्य पर अटकलें लगाईं, और ऐसे निष्कर्षों को कानूनी रूप से त्रुटिपूर्ण बताया। हालांकि, अदालत ने पोटम को सलाह दी है कि यदि आवश्यक हो तो वह निचली अदालत के समक्ष नई जमानत याचिका दायर कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
