काठमांडू, 10 फरवरी (हि.स.)। अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने नेपाली सेना को चुनावी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री कार्की ने राजनीतिक गतिविधियों को बिना किसी बाधा के संचालित करने का वातावरण तैयार करने के लिए अन्य संबंधित निकायों के साथ सहयोग करने का भी निर्देश दिया।

सैन्य मुख्यालय में मंगलवार को कमांड समन्वयात्मक बैठक के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने अतीत की तरह सुरक्षा तंत्रों के बीच हुई त्रुटियों को दोहराने से बचने की चेतावनी दी। सेना को निर्देश देते हुए प्रधानमंत्री कार्की ने कहा कि यदि पूर्व में सुरक्षा तंत्रों के बीच समन्वय में कहीं त्रुटियां और रिक्तताएं रही हों, तो अब ऐसी स्थिति दोबारा न हो। चुनावी सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न होने देने के प्रति सतर्क रहें।

उन्होंने आगे कहा कि इस निर्वाचन को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए पिछले चुनावों के अनुभवों और आगामी चुनाव के विभिन्न आयामों का विश्लेषण करते हुए सुरक्षा संवेदनशीलता के आधार पर सभी सुरक्षा निकायों के साथ समन्वय कर त्रुटिरहित ढंग से कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षा की गारंटी देने, पुलिस कार्रवाई को सुगम, सहयोगी और सुरक्षित बनाने तथा सभी राजनीतिक दलों की राजनीतिक गतिविधियों को बिना बाधा संचालित करने का वातावरण तैयार करने के लिए अन्य निकायों के साथ स्पष्ट कार्ययोजना के तहत आगे बढ़ें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास
