– किसानों के खातों में 18640 करोड रुपए से अधिक की सम्मान निधि हस्तांतरित

भोपाल, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सम्मान निधि सामाजिक सुरक्षा का माध्यम है। यह योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री कंषाना शुक्रवार को भोपाल के करोंद स्थित कृषि उपज मंत्री परिसर में आयोजित किसान सम्मान निधित अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने किसानों को खुशहाल एवं समृद्ध बनाने के लिए अनेक निर्णय लिए गए हैं। सशक्त एवं आत्मनिर्भर किसान बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुवाहाटी (असम) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों को 18 हजार 640 करोड़ की राशि हस्तांतरित की। मप्र के कृषि मंत्री कंषाना की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कृषि उपज मंडी परिसर करोंद में सुना गया। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। कार्यक्रम में कृषि सचिव निशांत बरवडे, मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
