कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। कोलकाता के शनिवार काे ब्रिगेड परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के तुरंत बाद राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हिंसा और तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं।

तृणमूल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु, मंत्री शशि पांजा तथा पार्टी सांसद सायोनी घोष ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर सवाल उठाए।
शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने प्रधानमंत्री के भाषण की आलोचना करते हुए कहा कि ब्रिगेड की सभा में अपनाई गई भाषा का असर गिरिश पार्क की घटना में दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री शशि पांजा के आवास पर जिस तरह से पत्थर, बोतल और कांच के टुकड़ों से हमला किया गया, वह अभूतपूर्व है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह हमला प्रधानमंत्री के भाषण से प्रेरित होकर किया गया। बसु ने कहा कि जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शांतिपूर्ण और धर्मनिरपेक्ष बंगाल का संदेश दे रही हैं, उस समय चुनाव से पहले इस प्रकार की घटनाएं चिंताजनक हैं।
तृणमूल कांग्रेस के अनुसार प्रधानमंत्री की रैली से पहले उत्तर कोलकाता के गिरिश पार्क इलाके में मंत्री शशि पांजा के आवास पर पत्थर फेंके गए। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि ब्रिगेड की सभा में जा रहे भाजपा समर्थकों ने यह घटना की। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। पार्टी का कहना है कि गिरिश पार्क से गुजर रहे उनके कार्यकर्ताओं पर तृणमूल समर्थकों ने ईंटें फेंकी।
घटना के समय मौके पर मौजूद शशि पांजा ने बताया कि ब्रिगेड रैली में जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके घर के सामने हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तृणमूल कार्यकर्ता फ्लेक्स लगा रहे थे, तभी बस में सवार कुछ लोग, जो भाजपा की टोपी पहने थे, नारे लगाते हुए आक्रामक हो गए।
उन्होंने कहा कि, उन पर फेंकी गई एक ईंट सीधे उनके पेट में लगी, जहां पहले शल्य चिकित्सा हो चुकी है, जिससे उन्हें चोट आई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में इस प्रकार की घटनाओं का कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
शशि पांजा ने प्रधानमंत्री के भाषण में “हिसाब चुकता” करने वाली टिप्पणी का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या किसी राज्य की मंत्री पर हमला उसी का उदाहरण है। उन्होंने यह भी पूछा कि प्रधानमंत्री केवल भाजपा के हैं या पूरे देश के।
तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, इस घटना में पार्टी के तीन कार्यकर्ता शुभम, सौविक और कृष्ण गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया है कि उनके सीने और सिर में चोटें आई हैं।
वहीं, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।———————
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
