आसनसोल, 09 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर तैयारियां अब पूरी तरह अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बुधवार को सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए हेलीकॉप्टर ट्रायल भी सफलतापूर्वक कराया गया, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

प्रारंभ में पोलो ग्राउंड स्थित सीसी मैदान में हेलीपैड बनाया गया था, लेकिन ट्रायल के दौरान कुछ तकनीकी बाधाएं सामने आने के बाद लोको ग्राउंड में नया हेलीपैड तैयार किया गया, जहां शाम के समय हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के आगमन और काफिले के रूट को लेकर भी व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा अभ्यास किए गए।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने सभास्थल से लेकर हेलीपैड तक पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया है। शहर के चप्पे-चप्पे पर एसपीजी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इससे पहले एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारियों ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की थी, जिसके बाद से पूरे शहर में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
सभा स्थल, जो पोलो ग्राउंड स्थित आसनसोल स्टेडियम में बनाया गया है, उसे पूरी तरह हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। पोलो ग्राउंड से लेकर कोर्ट रोड तक सुरक्षा का कड़ा घेरा बना हुआ है। लोको ग्राउंड से सभास्थल तक प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। इस व्यवस्था के तहत लोग प्रधानमंत्री की एक झलक तो देख सकेंगे, लेकिन सुरक्षा दूरी पूरी तरह बनाए रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री का काफिला लोको ग्राउंड से निकलकर कोर्ट रोड होते हुए पोलो ग्राउंड स्थित सभा स्थल तक पहुंचेगा। आसनसोल स्टेडियम में जनसभा के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं, जहां आम लोगों के बैठने के लिए तीन बड़े हैंगर पंडाल बनाए गए हैं। सभा स्थल के अंदर सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है।
पूरे आसनसोल स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा के लिहाज से छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि प्रधानमंत्री के दौरे को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए हर जरूरी इंतजाम किए गए हैं, जिससे कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
