प्रयागराज, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को निर्माणधीन मकान पर दूसरा मकान अचानक गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम एवं अग्निशमन कर्मियों ने सभी को निकाला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में मृत मजदूर की पहचान मीरजापुर जिले के ड्रामनगंज थाना क्षेत्र के भैसौर गांव निवासी विनोद कोल (35) पुत्र शिव कोल के रूप में हुई है। हादसे के संबंध परिवार को सूचना दे दी गई है। हादसे में घायल दो लोगों को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में साउथ मलाका नवाब रसोई रेस्टोरेंट के पास एक मकान का निर्माण कार्य हो रहा था, जहां मजदूर काम में लगे हुए थे। मंगलवार शाम की समय अचानक बगल वाला मकान अचानक भर-भराकर गिर गया। जिसके मलबे में तीन मजदूर दब गए। हादसे की सूचना पर एनडीआरएफ एवं अग्नि शमन दस्ते के लोग पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने विनोद कोल को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
