लंदन, 04 मार्च (हि.स.)। प्रीमियर लीग 2025-26 सीजन में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब आखिरी स्थान पर काबिज वूल्वरहैम्प्टन वांडरर्स ने मौजूदा चैंपियन लिवरपूल को 2-1 से हरा दिया। मुकाबला मोलिन्यू स्टेडियम में खेला गया।

ब्राज़ीलियाई मिडफील्डर आंद्रे ने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में लंबी दूरी से शॉट लगाया, जो डिफ्लेक्ट होकर गोल में चला गया। यह गोल लिवरपूल की अगले सीजन यूईएफए चैंपियंस लीग में जगह बनाने की उम्मीदों के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।

इससे पहले 83वें मिनट में मोहम्मद सालाह ने गोल कर लिवरपूल को बराबरी दिलाई और अपने 10 मैचों के गोल सूखे को समाप्त किया। सालाह के गोल से पांच मिनट पहले रोड्रिगो गोम्स ने वॉल्व्स को बढ़त दिलाई थी।
मैच के अंतिम क्षणों में दोनों टीमें जीत की तलाश में आक्रामक खेल रही थीं, तभी आंद्रे का शॉट जो गोमेज़ से टकराकर दिशा बदल गया और गोलकीपर एलिसन बेकर गलत दिशा में रह गए।
यह लिवरपूल की लीग में नौवीं हार रही। यदि बुधवार को चेल्सी, एस्टन विला को हरा देता है तो लिवरपूल छठे स्थान पर खिसक सकता है। फिलहाल टीम शीर्ष पर मौजूद आर्सेनल से 16 अंक पीछे है।
वहीं वॉल्व्स के लिए यह लगातार दूसरी जीत रही। टीम ने शुक्रवार को एस्टन विला को 2-0 से हराया था। हालांकि वह अब भी सेफ्टी जोन से 11 अंक दूर है, लेकिन सीजन के अंत में उसकी लय बेहतर होती दिख रही है।
एवर्टन की जीत, लीड्स को झटका
एवर्टन ने अपने नए घरेलू मैदान हिल डिकिन्सन स्टेडियम में बर्नले को 2-0 से हराया। जेम्स टारकोव्स्की और कियरन ड्यूसबरी-हॉल ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत से मैनेजर डेविड मोयेस की टीम यूरोपीय प्रतियोगिताओं की दौड़ में बनी हुई है। एवर्टन अब सातवें स्थान पर मौजूद ब्रेंटफोर्ड से केवल एक अंक पीछे है, जिसने बोर्नमाउथ के साथ 0-0 से ड्रॉ खेला।
दूसरी ओर लीड्स यूनाइटेड को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। सुंदरलैंड ने एलैंड रोड में 1-0 से जीत दर्ज की। निर्णायक गोल हबीब डियारा ने दूसरे हाफ में पेनल्टी पर किया।
लीड्स अब रेलिगेशन जोन से छह अंक ऊपर है, लेकिन यदि 18वें स्थान की टीम वेस्ट हैम यूनाइटेड बुधवार को फुलहम के खिलाफ अंक हासिल कर लेती है तो स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
