बलिया, 13 अप्रैल (हि.स.)। उतर प्रदेश में बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र स्थित सोहांव में रविवार देरशाम बिहार के बक्सर जिले के एक युवक को उसके ही दो दोस्तों ने गोली मार दी। घायल युवक को पहले जिला अस्पताल, फिर वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। घायल युवक से पूछताछ के आधार पर पुलिस इसे प्रेम प्रसंग में हुई घटना बता रही है।

नरही थाना क्षेत्र के सोहांव में बक्सर के चौसा में रहने वाले आर्यन यादव पर उसके ही दोस्त बम और बबलू यादव ने गोली चला दी। चार राउंड गोली मारने के बाद आर्यन को तड़पता छोड़ दोनों वहां से उसकी मोटर साइकिल लेकर फरार हो गए। गोली आर्यन के पीठ और पैर में लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और उसे नरही सीएचसी पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर भी तत्काल अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
