फिरोजाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। शादी करने की मना करने से आहत युवती द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

थाना मटसेना क्षेत्र के गांव हमीरपुर निवासी निशा (19) का पड़ोसी गांव खरसुली के नितिन से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर दोनों परिवार उनकी शादी को तैयार थे। निशा के घर वाले 22 फरवरी को रिश्ता तय करने नितिन के घर जाने वाले थे। आरोप है कि इससे पहले ही प्रेमी नितिन ने निशा को फोन कर शादी से मना कर दिया। इससे आहत होकर 15 फरवरी की दोपहर में युवती निशा ने कोई कीटनाशक दवा पी ली। जिसे परिजनों ने उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के दौरान युवती की मेडिकल कालेज में मौत हो गई।
थानाध्यक्ष विमिलेश त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को आरोपित नितिन पुत्र रुमाल सिंह निवासी खरसुली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
