फतेहाबाद, 10 मार्च (हि.स.)। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के आह्वान पर किसानों ने टोहाना क्षेत्र में ट्रैक्टर मार्च निकालकर अपना रोष व्यक्त किया। यह ट्रेक्टर मार्च सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र के गांव ढेर से शुरू हुआ। किसानों का ट्रैक्टर मार्च गांव गुलरवाला, दीवाना, धारसूल व कुलां चौक से होते हुए कुलां उप तहसील कार्यालय में पहुंचा। जहां बड़ी संख्या में एकत्र हुए किसानों व भाकियू चढूनी के पदाधिकारियों ने भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को किसान विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ़ नारेबाजी कर इसका विरोध जताया। खफा किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि इस प्रकार की ट्रेड डील से देश के किसानों और कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसान हितों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के समझौतों पर पुनर्विचार किया जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान न दिया गया तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भाकियू (चढूनी) के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि अमेरिका में हजारों एकड़ जमीन वाले बड़े किसान हैं, जबकि भारत में अधिकांश किसान दो से तीन एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। ऐसे में अमेरिका से कृषि उत्पाद भारत में आने पर यहां के किसानों की फसल और आय पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी के तहत आगामी 23 मार्च को पिपली अनाज मंडी में बड़ी किसान रैली आयोजित की जाएगी। रैली से पहले पूरे प्रदेश में ट्रैक्टर मार्च कर सरकार को जगाने और आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रैक्टर मार्च में भाकियू चढूनी के युवा जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह सहित, दलजीत चाहल, नरपाल गिल, नरजीत, संदीप, भोलू गिल, चरणजीत, अवतार टीवाना व बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
