फतेहाबाद, 13 मार्च (हि.स.)। जिले में गैस सिलैंडरों को लेकर स्थिति अभी भी सामान्य नहीं हुई है। गैस किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। जिले के शहर रतिया और भट्टूकलां में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी देखी गई। रतिया में सुबह करीब 6:30 बजे से ही लोग गैस एजेंसी के बाहर खड़े नजर आए, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कतार में खड़े उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना था कि काफी समय बीत जाने के बावजूद उनका नंबर नहीं आया, जिससे उन्हें भारी असुविधा हुई। इन उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि वे रतिया के दूर-दराज के गांवों से सिलेंडर लेने आए हैं। उनका आरोप है कि गैस एजेंसी ने गांवों में सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी है, जिसके कारण उन्हें शहर आकर लाइन में लगना पड़ रहा है। इस मामले में गैस एजेंसी के मैनेजर रामनिवास ने बताया कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार सिलेंडर दिए जा रहे हैं और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। हालांकि, सुबह के समय भारी भीड़ के कारण उपभोक्ताओं को लंबे समय तक कतारों में इंतजार करना पड़ा। इस स्थिति से लोगों में नाराजगी भी देखी गई।भट्टू कलां में सिलिंडर की होम डिलीवरी ठप, सुबह 7 बजे से लाइनों में लगे लोभट्टू कस्बे में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत और वितरण व्यवस्था चरमराने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी गई है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को खुद सिलेंडर ढोने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सोमवार सुबह भट्टू के गैस गोदाम पर भारी भीड़ देखी गई। इसके बाद गैस की डिलीवरी भट्टू के बस स्टैंड के पास से दी गई। सुबह 7 बजे से ही लाइनों में लग गए थे ताकि उन्हें समय पर गैस मिल सके। लाइनों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या काफी अधिक थी, जो घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी बार-बार शिकायत के बावजूद घरों तक सिलेंडर नहीं पहुचा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि काम-काज छोडक़र सुबह से लाइन में लगना पड़ता है, जिससे उनकी दिहाड़ी और समय दोनों का नुकसान हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और होम डिलीवरी सेवा को दोबारा शुरू करवाया जाए ताकि जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
