फतेहाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। शहर के धर्मशाला रोड स्थित ज्वैलरी शॉप में हाथ साफ करने के मामले में कार्रवाई करते हुए चोर गिरोह की एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिलाओं के इस गिरोह ने दुकान से चांदी की पायल चोरी की थी। गिरफ्तार महिला की पहचान मुनेश कुमारी निवासी झाझड़ा टोडा, जिला भिवानी के रूप में हुई है। शनिवार को थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने कैलाश चन्द्र निवासी धर्मशाला रोड, फतेहाबाद की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी थाना रोड पर रामा कृष्णा के नाम से सुनार की दुकान है। उनकी दुकान से चांदी की 3 जोड़ी पायलें चोरी हो गई हैं। इस पर जब उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चैक किया तो पता चला कि तीन महिलाओं ने चालाकी से इस चोरी को अंजाम दिया है। शिकायत के आधार पर थाना शहर फतेहाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला मुनेश कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है ताकि उसके साथ वारदात में शामिल अन्य दो फरार महिलाओं का पता लगाया जा सके और चोरीशुदा चांदी की पायलें बरामद की जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
