
फतेहाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव हमजापुर के पास मंगलवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और ट्रॉले के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अयाल्की निवासी 15 वर्षीय किशोर सतीश की मौत हो गई जबकि एक ही परिवार के 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। देर रात इनमें से 6 लोगों की तबीयत बिगडऩे पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो ट्राला चालक आपसी रेस में तेज गति से जा रहे थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। बुधवार को पुलिस ने घायलों के ब्यान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार गांव अयाल्की निवासी रामकुमार गांव में ही चौकीदार के तौर पर काम करता है। रामकुमार का परिवार मंगलवार को गांव से ही एक गाड़ी किराये पर लेकर गया था। इस पिकअप गाड़ी को भूप सिंह चला रहा था। हादसे में घायल रमनजीत ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य गांव कालवन में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर शाम को जब वे अपने गांव लौट रहे थे, तभी हमजापुर के पास गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने उनकी पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की गाड़ी और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने हादसे में घायल 15 वर्षीय सतीश को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कलावती, बिमला, रेशमी, परमजीत, पूजा, ममता, राजेश, दीना, हैप्पी, गुलाब, किरण और रमनजीत को काफी चोटें आई हैं। घायलों में से 6 लोगों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला भी घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचीं। रतिया शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई थीं। हादसे में एक किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और ट्रॉले चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
