फतेहाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए रातों-रात अमीर बनने का सपना एक छात्र पर भारी पड़ गया। फतेहाबाद जिले के टोहाना निवासी एक बीटेक छात्र से साइबर ठगों ने ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलवाने का झांसा देकर 1 लाख 55 हजार 800 रुपये हड़प लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में टोहाना निवासी सागर ने बताया कि वह मोहाली की सीजीसी यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। वह पिछले करीब सात-आठ महीनों से ग्रो ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश कर रहा था। 18 मार्च को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को ग्रो ट्रेडिंग कंपनी का रिसर्चर बताया और सागर को झांसे में लेते हुए कहा कि उसकी प्रोफाइल का स्कोर बहुत अच्छा है और कंपनी उसे बड़ा प्रॉफिट करवा सकती है। शुरुआत में ठगों ने सागर की ट्रेडिंग प्रोफाइल में कुछ तकनीकी हेरफेर कर मुनाफा दिखाया, जिससे सागर का उन पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने अपना जाल बुनना शुरू किया। 19 मार्च को उसे कॉल कर कहा गया कि यदि वह इस प्रीमियम सर्विस को जारी रखना चाहता है, तो उसे 80 हजार 500 रुपये देने होंगे। सागर ने बताया कि ठगों ने उसे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एक खाता नंबर भेजा। उसने झांसे में आकर सबसे पहले 5500 रुपये भेजे। इसके बाद ठगों के कहने पर 21 मार्च को 15 हजार और 23 मार्च को 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। भारी रकम वसूलने के बाद ठगों ने उसकी ट्रेडिंग प्रोफाइल में जानबूझकर भारी लॉस दिखा दिया। जब सागर ने अपना पैसा डूबते देख कॉल किया, तो ठगों ने नया पैंतरा चला। उन्होंने कहा कि यदि वह 27 हजार 700 रुपये की पॉलिसी लेता है, तो पिछला सारा नुकसान मुनाफे के साथ वापस मिल जाएगा। सागर ने डर के मारे 24 मार्च को यह राशि भी भेज दी। इसके बाद जीएसटी के नाम पर 27 हजार 600 रुपये और 28 मार्च को 20 हजार रुपये और डलवा लिए गए। अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1,55,800 रुपये गंवाने के बाद भी जब सागर की प्रोफाइल ठीक नहीं हुई और न ही पैसे वापस आए, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। सागर ने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। अब फतेहाबाद साइबर थाना पुलिस ने सागर के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर बैंक खातों और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
