फतेहाबाद, 30 जनवरी (हि.स.)।

भूना ब्लॉक में शुक्रवार को तय समय पर बारात नहीं पहुंची, जिससे विवाह समारोह स्थल पर सन्नाटा पसर गया। बारात न आने से आहत दुल्हन पक्ष ने भूना पुलिस में घटनाक्रम को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले मैं हस्तक्षेप करते हुए दूल्हा पक्ष को नोटिस जारी कर तत्काल थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए। नोटिस के बाद पटियाला से दूल्हा पक्ष के पांच लोग और तीन अन्य आस-पास के रिश्तेदार भूना थाना पहुंचे। जैसे ही ये लोग गाड़ी से उतरकर थाने की ओर बढ़ने लगे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
इस दौरान 51 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह चेहरे पर लोहे का कड़ा लगने से वह लहूलूहान हो गया। वहीं, उनके साथ आए अन्य लोग थप्पड़ और मुक्के खाते हुए किसी तरह थाने के अंदर पहुंचे।
झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल धर्मेंद्र सिंह का प्राथमिक उपचार कराया। थाने परिसर में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
दूल्हा पक्ष का कहना है कि युवक की तबीयत अचानक खराब हो जाने के कारण बारात नहीं आ सकी। वहीं, दुल्हन पक्ष के लोग इस दलील से संतुष्ट नहीं दिखे। गुस्से में दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए और इसे जानबूझकर किया गया अपमान बताया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई के अनुसार, फिलहाल दोनों ही पक्षों ने लिखित में सहमति जताते हुए 4 फरवरी को दोबारा बातचीत करने का निर्णय लिया है। इसी बैठक में आगे की कार्रवाई और समाधान पर फैसला लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
