फतेहाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। साइबर ठगों ने फतेहाबाद के एक मैकेनिक को अपने जाल में फंसाते हुए उससे पांच लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने मैकेनिक को विदेश गया भतीजा बनकर फोन किया और अपने दोस्त की पत्नी के बीमार होने और बाद में मौत होने की बात कहकर उससे यह राशि तीन खातों में ट्रांसफर करवा ली। मैकेनिक को जब अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला तो उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। अब शनिवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने पीडि़त मैकेनिक की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव फुलां निवासी मुनीराज पुत्र हरसुख राम ने कहा है कि वह मैकेनिक का काम करता है। उसके भाई का लडक़ा अमेरिका गया हुआ है। 27 जनवरी को उसके मोबाइल पर व्हाटसएप्प कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि वह अमेरिका से बोल रहा है। उसे लगा कि उसके भाई का लडक़ा बोल रहा है। उसने कहा कि वह उसके पास गिफ्ट भेज रहा है तो मैने मना कर दिया। इसके बाद उसने उसका बैंक खाता मांगा तो उसने अपना सैन्ट्रल बैंक का खाता उसे भेज दिया। इसके बाद उससे कहा कि वह कुछ रुपये भेज रहा है। जब वह भारत आएगा तो उससे यह रुपये ले लेगा। इसके बाद उसके पास 7 लाख 15 हजार की एक रसीद भेजी और कहा कि उसने यह रुपये उसके खाते में भेज दिए हैं। मुनीराम ने कहा कि इसके कुछ देर बाद उसे पास दोबारा व्हाटसएप्प कॉल आई और कहा कि उसके दोस्त की पत्नी बीमार है और उसे रुपयों की आवश्यकता है। वह उसके द्वारा भेजे गए रुपये उसके दोस्त के पास भेज दे। उसने कोटेक महिन्द्रा बैंक का एक खाता नंबर दिया और उसमें डेढ़ लाख रुपये भेजने को कहा। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस तरह उसने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख रुपये जमा करवा दिए। इसके बाद 2 फरवरी को उसके पास 8 लाख रुपये की रसीद भेजी और एक मोबाइल नंबर देकर उस पर बात करने को कहा। मुनीराज के अनुसार जब उसने दिए गए नंबर पर बात की तो उसने कहा कि उसे इस राशि का 2 लाख 10 हजार रुपये चार्ज देना होगा, तभी वह यह राशि निकाल सकता है। इस पर उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का आभास हुआ और उसने चार्ज देने से मना कर दिया। जब उसने पहले वाले नंबर पर कॉल कर पैसे वापस लौटाने को कहा तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इस पर पीडि़त ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
