बरेली, 22 मार्च (हि.स.) । वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम चरण में जीएसटी रिटर्न दाखिल करने को लेकर बरेली मंडल में लापरवाही सामने आई है। फरवरी माह के जीएसटी रिटर्न में करीब 26.04 प्रतिशत करदाता अभी तक रिटर्न दाखिल नहीं कर सके हैं। राज्य कर विभाग ने ऐसे करदाताओं को चेतावनी जारी करते हुए जल्द रिटर्न भरने के निर्देश दिए हैं।

उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर सुभेश तिवारी ने बताया कि फरवरी 2026 के मासिक रिटर्न GSTR-3B दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित थी। इसी रिटर्न के माध्यम से करदाता राजकीय कोष में कर जमा करते हैं। बावजूद इसके बड़ी संख्या में करदाता अब तक रिटर्न दाखिल नहीं कर पाए हैं।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर, बरेली जोन एन.एल. सोनी ने बताया कि मंडल के हजारों करदाता अभी भी रिटर्न दाखिल करने से दूर हैं। उन्होंने सभी लंबित करदाताओं से तत्काल जीएसटी पोर्टल पर जाकर रिटर्न भरने की अपील की है। साथ ही जिन संस्थाओं द्वारा टीडीएस की कटौती की जाती है, उन्हें भी समय से टीडीएस रिटर्न जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों को विशेष रूप से जल्द रिटर्न दाखिल करने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जीएसटी अधिनियम के तहत समय पर रिटर्न दाखिल न करने पर अर्थदंड का प्रावधान है। ऐसे में यदि करदाता जल्द रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। मार्च अंतिम माह होने के चलते विभाग ने सभी करदाताओं से बिना देरी रिटर्न भरने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
