चंडीगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के फरीदकोट में अपनी पोती के

साथ मारपीट करने तथा धूप में हाथ-पैर बांधकर गेट के बाहर खड़ा करने पर महिला एएसआई को
निलंबित कर दिया गया है। फरीदकोट की एसएसपी प्रज्ञा जैन ने एक वीडियो वायरल होने के
बाद बुधवार को यह कार्रवाई की।
एएसआई सरबजीत कौर थाना सदर में महिला मित्र के तौर
पर तैनात है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची
के माता-पिता पुर्तगाल गए हुए हैं। आरोपी लेडी एएसआई ही उसकी देखभाल कर
रही थी। मंगलवार को बच्ची काफी शरारत कर रही थी। जैसे ही दादी ने उसे ऐसा करने से रोका
तो वो नहीं मानी। इससे नाराज एएसआईसरबजीत
कौर बच्ची को गेट से बांध दिया और काफी देर धूप में तड़पता छोड़ दिया।
डोगर बस्ती इलाके के लोगों के मुताबिक जब उन्हें इस
घटना का पता चला तो उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया,
लेकिन
अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद लोगों ने बच्ची को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन महिला बाहर आई और बच्ची को उठाकर
अंदर ले गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। फरीदकोट की एसएसपी
डॉ. प्रज्ञा जैन ने मामले में कार्रवाई करते हुए महिला एएसआई को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
