नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जहांगीरपुरी निवासी आफताब (25) के रूप में हुई है। वह थाना महिंद्रा पार्क में दर्ज एक फायरिंग मामले में वांछित था और वारदात के बाद से फरार चल रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 26 फरवरी को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग कांड में वांछित आफताब कुशल सिनेमा रोड स्थित काली माता मंदिर के पास अपने एक अन्य फरार साथी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपित को मौके से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी 2026 को आरोपित ने आपसी रंजिश के चलते अपने साथी के साथ मिलकर अनमोल और सलमान नामक दो युवकों पर फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और दोनों ने भागकर जान बचा ली। वारदात के बाद से आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहा था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी लूट, झपटमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के 11 मामलों में संलिप्त रह चुका है। वर्ष 2020 में आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर एक स्कूटी सवार को रोककर चाकू मारकर लूटपाट की थी। उस मामले में भी वह जेल जा चुका है, लेकिन आपराधिक गतिविधियों से बाज नहीं आया। पुलिस ने आरोपित को विधि सम्मत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। मामले की आगे की जांच थाना महिंद्रा पार्क पुलिस कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
