ऊना, 05 अप्रैल (हि.स.)। चार साल की मासूम प्रवासी बच्ची को बंधक बनाने के मामले में ऊना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेवानिवृत सैनिक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बहडाला गांव के उक्त सेवानिवृत सैनिक ने इसलिए बच्ची को बंधक बना लिया था क्योंकि मासूम बच्ची ने इनके पेड़ से अमरूद के फल तोड़ लिए थे। बच्ची को बंधक बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद ऊना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को बांधने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मिली जानकारी मुताबिक बहडाला के सेना से रिटायर फौजी ने एक पांच साल की मासूम बच्ची को इसलिए बंधक बना लिया क्योंकि इसने इनके पेड़ से अमरूद के फल तोड़ लिए थे। गुस्साए व्यक्ति ने इस मासूम को अपने घर में सीढिय़ों के साथ रस्सी से बांध दिया और कथित तौर पर इसकी पिटाई भी की। गांव के ही स्थानीय युवक ने जब बच्ची के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनी तो देखा कि उक्त व्यक्ति बच्ची को पकडक़र अपने घर में ले गया और इस मासूम को रस्सी के साथ बांध दिया। उक्त युवक ने बच्ची को बांधने का वीडियो भी बनाया जिसमें मासूम रोती बिलखती हुई स्वयं को बचाने की दर्दभरी गुहार लगा रही थी। वायरल वीडियो में पूर्व सैनिक स्वयं इसको अमरूद तोडऩे की बात कहकर बंधक बनाने की बात बोल रहा है। स्थानीय युवक की हिम्मत से बंधक बच्ची को पूर्व सैनिक की पकड़ से रिहा करवाया गया।
हालांकि बाद में मामले के तूल पकड़ते देख पूर्व सैनिक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम घटनास्थल पर भेजी। वहीं बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह ने भी मौके पर जाकर पीडि़त बच्ची व उसके माता-पिता के ब्यान कलमबद्ध किए। पीडि़त बच्ची का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना मेडिकल भी करवाया गया। वहीं इस मामले में आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज करके उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
एडीसी ऊना महेंद्रपाल गुर्जर ने कहा कि उक्त मामले की जानकारी मिलने पर बाल संरक्षण अधिकारी ने मौके का दौरा करके पीडि़त बच्ची व उसके परिजनों के बयान कलमबद्ध किए हैं। इस मामले में आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस ने भी मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि सदर ऊना थाना के तहत वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने घटनास्थल का दौरा करके कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है। आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल
