मुंबई, 25 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते दुष्प्रभाव को रोकने के लिए विधानमंडल के दोनों सदनों (विधानसभा और विधानपरिषद) के सदस्यों की संयुक्त समिति गठित की जाएगी। शेलार ने यह भी कहा कि ऑनलाइन गेमिंग के दुष्रभाव को लेकर पूरे राज्य में जागरुकता बढ़ाने की भी जरुरत है।विधानसभा में बुधवार को विधायक निरंजन डावखरे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से राज्य में ऑनलाइन गेमिंग का मुद्दा उठाया था। डावखरे ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स की वजह से राज्य में बच्चों में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने बच्चों द्वारा आत्महत्या जैसी कुछ घटनाओं का भी जिक्र किया। डावखरे ने कहा कि सिर्फ ऐप बैन करना ही उपाय नहीं है। अगर कोई गेम बंद हो जाता है, तो वही गेम दूसरे नाम से फिर से शुरू हो जाता है। उन्होंने सख्त कार्रवाई जाने की मांग की।मंत्री आशीष शेलार ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि 2 फरवरी को ऑनलाइन गेमिंग के मुद्दे पर एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस टास्क फोर्स में लॉ एंड जस्टिस डिपार्टमेंट समेत सभी संबंधित एजेंसियां शामिल हैं। इस बारे में अगले सत्र से पहले एक रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसके साथ ही दोनों सदनों के सदस्यों की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाएगी, जो इस विषय पर काम करेगी। शेलार ने कहा कि इस संबंध में पब्लिक जागरुकता भी जरुरी है। सरकार इस दिशा में काम कर रही है।

—————

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
