कोलकाता, 26 जनवरी (हि. स.)। कोलकाता से बाहर एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को कथित तौर पर बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रविवार को उत्तर 24 परगना के बनगांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। इससे पहले भी हाल ही में गायिका लॉग्नजिता चक्रवर्ती के साथ पूर्व मेदिनीपुर में इसी तरह की घटना सामने आई थी। इस बार मिमी चक्रवर्ती ने खुद इस अनुभव को साझा करते हुए नाराजगी जाहिर की है।

मिमी चक्रवर्ती ने कहा कि इस तरह के व्यवहार का उन्हें पहली बार सामना करना पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आजकल मंच पर कार्यक्रम करने वाले कलाकारों को कुछ लोग अपनी “संपत्ति” समझने लगे हैं। अभिनेत्री ने इस प्रवृत्ति पर कड़ी आपत्ति जताई।
रविवार को मिमी बनगांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत हुए अभी कुछ ही देर हुई थी, तभी यह घटना घटी। उनके अनुसार, तन्मय शास्त्री नाम के एक व्यक्ति ने अचानक कार्यक्रम रोकने को कहा और उनसे मंच छोड़ने के लिए कहा।
मिमी के मुताबिक, “उस व्यक्ति ने मुझसे कहा—‘आप चले जाइए।’ मैं इतनी हैरान हो गई कि पहले समझ ही नहीं पाई कि बात मुझसे कही जा रही है।” जब उन्हें स्थिति का एहसास हुआ तो वह अपमान और हैरानी से स्तब्ध रह गईं। उन्होंने उस व्यक्ति की ओर दोबारा देखा, लेकिन आरोप है कि उसने फिर वही बात दोहराई।
इसके बाद मिमी चक्रवर्ती ने किसी तरह का विवाद बढ़ाने के बजाय वहां मौजूद दर्शकों को शुभरात्रि कहा और मंच छोड़ दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
