—पूर्व रेलवे के हावड़ा लोको शेड के लिए रवाना किया गया

वाराणसी, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने एक बार फिर उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता एवं सतत नवाचार के बल पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में निर्मित 500वें विद्युत लोकोमोटिव डब्ल्यूएपी 7 का सोमवार को सफलतापूर्वक टर्न-आउट किया।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत एवं रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार की उपस्थिति में पर्यावरण अनुकूल डिजाइन एवं उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से युक्त यात्रीवाहक इस लोकोमोटिव नं. 45002 को पूर्व रेलवे के हावड़ा लोको शेड के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त सदस्य (कर्षण) सोमेश कुमार ने बरेका कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत एवं लगन के कारण ही बरेका ने चालू वित्तीय वर्ष में 500 लोकोमोटिव उत्पादन किया है। महाप्रबंधक ने टीम बरेका की कार्यक्षमता पर पूर्ण विश्वास जता कहा कि रेलवे बोर्ड के निर्धारित सभी उत्पादन लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोकोमोटिव निर्माण में गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
—आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम
“मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के मंत्र के अनुरूप बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक 500 लोकोमोटिव का निर्माण कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। वर्ष 2017 में दो विद्युत लोकोमोटिव निर्माण प्रारंभ करने के पश्चात मात्र नौ वर्षों में 2855 विद्युत लोकोमोटिव का निर्माण बरेका की उत्पादन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। बरेका जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार अब तक कुल कारखाना में कुल 11187 लोकोमोटिव का निर्माण किया जा चुका है। कुल 11 देशों को 182 लोकोमोटिव का सफल निर्यात भी हो चुका है। चालू वित्तीय वर्ष में मोजाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीजल-इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का निर्यात करना है।
———लोकार्पित लोकोमोटिव उच्च क्षमता का
लोकार्पित रेल इंजन एक 6000 अश्वशक्ति का उच्च गति विद्युत लोकोमोटिव है, जिसे सभी प्रकार की यात्री, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी अधिकतम गति 140 किमी प्रति घंटा है तथा यह 24 कोच तक खींचने में सक्षम है। इसमें सीओ-सीओ पहिया विन्यास, वातानुकूलित ड्राइवर कैब, हेड-ऑन जेनरेशन प्रणाली, रिजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, होटल लोड सुविधा तथा कंप्यूटर नियंत्रित ब्रेकिंग प्रणाली जैसी आधुनिक विशेषताएं हैं, जो इसे ऊर्जा दक्ष, सुरक्षित एवं उच्च प्रदर्शन वाला बनाती हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
