बरेली, 10 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली के कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले युवक विजय राठौर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने 32 मिनट 34 सेकंड का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया। इसमें युवक ने प्रेमिका के परिवार, अपने परिजनों और पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक मंदिर में सेवादार के रूप में कार्यरत विजय राठौर का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं युवक द्वारा अपलोड किए गए वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। वीडियो में विजय ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात धोपेश्वरनाथ मंदिर में एक युवती से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। विजय के अनुसार उसने युवती को प्रपोज किया था और दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन महाशिवरात्रि से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने उससे दूरी बना ली और संबंध खत्म करने की बात कह दी। इसके बाद युवती के परिजनाें ने युवक काे परेशान किया। इसमें पुलिस भी शामिल रही। युवक ने वीडियो में एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि युवक की आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। युवक द्वारा बनाए गए वीडियो को भी संज्ञान में लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
