बलरामपुर, 16 मार्च (हि.स.)। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में साेमवार काे राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, आर.एन. पांडेय, अभिषेक गुप्ता सहित अनुविभागीय अधिकारी और अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में अपर कलेक्टर आरएस लाल ने रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और अवैध ईंट निर्माण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
धान उठाव की समिति वार समीक्षा करते हुए उन्होंने शासन के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए धान उठाव की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
अपर कलेक्टर ने तहसीलवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अविवादित और विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, अभिलेख सुधार, नक्शा बटांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े लंबित मामलों, आरबीसी 6-4 के भुगतान प्रकरणों तथा ई-कोर्ट में लंबित मामलों का भी शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि राजस्व न्याय से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान हो। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता
बैठक में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा की गई। अपर कलेक्टर आरएस लाल ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और गैस भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस की कमी से संबंधित भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से परेशान न हों।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता निर्धारित अंतराल के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर सिलेंडर बुकिंग की व्यवस्था है।
घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर संयुक्त टीम द्वारा नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई भी की जा रही है।
समस्या होने पर यहां करें संपर्क
घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित बुकिंग, वितरण या अन्य किसी समस्या के लिए उपभोक्ता अपने अधिकृत गैस वितरक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 92945-21998, राज्यस्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 तथा खाद्य विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
