बलरामपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सरकारी योजनाओं का असर अब ज़मीनीस्तर पर स्पष्ट दिखने लगा है। राजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कर्रा निवासी जीतन राम का वर्षों पुराना पक्का घर का सपना साकार हो गया है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले इस मेहनतकश परिवार को अब सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिल चुका है।

जीतन राम पहले कच्चे मकान में रहते थे, जहां बरसात और मौसम की मार से परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का घर बनवाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था। वे बताते हैं कि जब भी कर्रा से लगभग आठ किलोमीटर दूर राजपुर शहर खेती-बाड़ी के सिलसिले में जाते, तो पक्के मकानों को देखकर उनके मन में भी अपने घर का सपना जाग उठता था।

ग्राम पंचायत के सचिव और रोजगार सहायक से प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा किए। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हुआ और कुछ ही समय में पक्की छत वाला मकान बनकर तैयार हो गया।
नए घर में प्रवेश के बाद परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं है। अब उन्हें मौसम की चिंता नहीं सताती। साथ ही, उचित मूल्य की दुकान से नियमित राशन मिल रहा है। उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई है।
जीतन राम का कहना है कि शासन की योजनाओं ने उनके जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाया है। उन्होंने इसके लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और अन्य जरूरतमंदों से भी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
