बलरामपुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)।छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था के तहत् 5 एवं 6 फरवरी 2026 को शेष किसानों से धान खरीदी का निर्णय लिया गया। शासन की संवेदनशील नीतियों और निर्णयों ने किसानों को संबल प्रदान किया है। इसका जीवंत उदाहरण जिले के ग्राम अधौरा निवासी किसान बुधन एक्का है।

बुधन एक्का अपनी पत्नी प्रतिमा एक्का के साथ पहली बार बलरामपुर धान खरीद केंद्र पर धान विक्रय के लिए पहुंचे। उनके पास कुल 2 एकड़ कृषि भूमि है जिसमें इस वर्ष उन्होंने धान की फसल ली। फसल अच्छी होने के बावजूद निर्धारित अवधि में धान विक्रय नहीं कर सके। इस स्थिति ने उन्हें गहरी चिंता में डाल दिया था, क्योंकि निजी व्यापारियों को कम दाम पर धान बेचने की मजबूरी सामने थी।

इसी बीच प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शेष किसानों के लिए धान खरीद अवधि में वृद्धि का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। निर्णय बुधन एक्का जैसे सैकड़ों किसानों के लिए राहत बनकर सामने आया। समय-वृद्धि के पश्चात वे शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर अपनी धान का विक्रय कर सके। बुधन एक्का ने खरीद केंद्र में कुल 40 बोरी धान का विक्रय किया।
इस दौरान बुधन एक्का की पत्नी ने भावुक होकर कहा कि यदि शासन ने धान खरीद की अवधि नहीं बढ़ाई होती तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता। मुख्यमंत्री के इस फैसले ने उन्हें संबल प्रदान किया है। उन्होंने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
