
पूर्वी सिंहभूम, 08 फ़रवरी (हि.स.)। बसंत उत्सव समिति के तत्वावधान में रविवार को एग्रिको पोस्ट ऑफिस मैदान में पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक चेतना के साथ भव्य बसंत उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के मुख्य संरक्षक तापस मित्रा, चेयरमैन सौरोज्यति दे, वाइस चेयरमैन पार्थ सारथी सेन, चीफ एडवाइजर अचिन्तम गुप्ता, अध्यक्ष अल्पना भट्टाचार्य, महासचिव स्वपन राय, अनूप चटर्जी, मनोहर सिंह, डॉ. बाणी देव एवं अमिताभ चटर्जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात स्वर्गीय डॉ. तमाल देव, भावेश देव, सुभोदीप मंडल और मृण्मय सुर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बसंत उत्सव की परंपरा विश्वकवि रवींद्रनाथ ठाकुर की ओर से शांतिनिकेतन में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य प्रकृति, कला और मानवीय मूल्यों के माध्यम से समाज में सौहार्द स्थापित करना है। यह उत्सव केवल ऋतु परिवर्तन नहीं, बल्कि सृजनशीलता और संवेदनाओं के जागरण का प्रतीक है।
दोपहर में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में लगभग 300 बच्चों ने भाग लिया। ग्रुप ‘ए’ में कौस्तव ठाकुर और ग्रुप ‘बी’ में अंशिका देवनाथ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सामाजिक सरोकार के तहत प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें 76 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। वहीं बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस कॉलेज, गोविंदपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क मेडिकल कैंप में 210 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
सांस्कृतिक संध्या में नृत्यांगना सौमि बोस की टीम की प्रस्तुति और कोलकाता की गायिका केमेलिया दास तथा गायक अनिरुद्ध के गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव में लगे कपड़ा, ज्वेलरी और फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक पूर्णिमा साहू, सुनंदा गुप्ता, अजीत नायक, सुरेंद्र राय चौधरी, संजय चौधरी, राजा चक्रवर्ती, संजीव दास, रंजन बैनर्जी, सुष्मिता सोम खां, मधुमिता बनर्जी, सब्यसाची चंदा और सुकमल मुखुटी सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
