सुपौल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड की बनेलीपट्टी पंचायत अंतर्गत एसएसबी कैंप मनसी पिपराही के पास स्थित करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पुल इन दिनों गंभीर क्षति के कारण खतरे का कारण बन गया है। भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण बॉर्डर रोड पर बने पुल के दोनों किनारों पर बड़े और गहरे गड्ढे उभर आए हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण में भारी राशि खर्च होने के बावजूद विभागीय लापरवाही और देखरेख के अभाव में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि पुल के किनारे बने गड्ढे इतने गहरे हैं कि जरा सी असावधानी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। फिलहाल वहां चेतावनी के रूप में लाल झंडे लगाए गए हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है।

ग्रामीणों और राहगीरों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण बॉर्डर रोड है, जहां सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी भारी आवाजाही रहती है। यदि समय रहते इन गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी एवं संबंधित कार्यपालक अभियंता से जनहित में अविलंब पुल के किनारों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
एसडीएम वीरपुर नीरज कुमार ने बताया कि उक्त पुल आरसीडी सुपौल के अधीन है। उन्होंने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया है, जहां चेतावनी के लिए लाल झंडे लगाए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्यपालक अभियंता से वार्ता कर शीघ्र ही गड्ढों की मरम्मत तथा वीरपुर-भीमनगर मार्ग पर बने अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। फिलहाल पुल की वर्तमान स्थिति क्षेत्र में चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि समय पर मरम्मत कार्य शुरू कर जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
