झज्जर, 28 जनवरी (हि.स.)। बहादुरगढ़ पुलिस जिला में मंगलवार रात से बुधवार तक हुई अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें एक घटना गांव शाहपुर में, दूसरी बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में और तीसरी घटना गांव मांडोठी के निकट हुई। कुछ रोज पहले घायल हुए एक कामगार की इलाज के दौरान मौत हो गई। पहली घटना में शाहपुर गांव में ट्रैक्टर पलटने से उस पर सवार 40 वर्षीय मनोज की मौत हो गई। वह गन्ने की बिक्री का काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं। गन्ना ढुलाई कार्य के दौरान ही यह घटना हुई।

सेक्टर-16 स्थित एक फैक्टरी के अंदर पानी के होद में गिरने से एक कामगार की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीवन संगा के रूप में हुई। वह झारखंड के रांची का था। सेक्टर-16 स्थित अपने किसी परिचित के पास आया था। बुधवार अल सुबह वह उठा तो पानी के होद में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

एक सप्ताह पहले फैक्टरी में काम करते वक्त घायल हुए व्यक्ति की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी शाहिद अंसारी के रूप में हुई है। करीब एक सप्ताह पहले शाहिद अंसारी काम करते वक्त गिर कर चोटिल हो गया था। गांव मांडोठी के पास ट्रैक्टर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार युवक गांव छुड़ानी के निवासी राजेश की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है।
पुलिस को मृतक के छोटे भाई ललित ने बताया कि 27 जनवरी को वह अपने बड़े भाई राजेश के साथ मोटरसाइकिल पर बहादुरगढ़ से अपने गांव छुडानी लौट रहे थे। मोटरसाइकिल ललित चला रहा था। जब वे शादपुर-मांडोठी रोड पर पहुंचे तभी सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की टक्कर लगी। हादसे में राजेश को गंभीर चोटें आई। ललित ने तुरंत अपने भाई को इलाज के लिए सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद से ही ट्रैक्टर चालक फरार है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज
