

बरेली, 13 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली में शहर कोतवाली क्षेत्र के मठ की चौकी इलाके में गुरुवार देर रात बाइक की टक्कर को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। झड़प में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार, एक युवती साइकिल से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आई स्कूटी ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने स्कूटी सवार से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी बीच बाइक से शीतलपुर निवासी कुछ युवक भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एक पक्ष का आरोप है कि मठ की चौकी निवासी विक्की, जो बांसमंडी में चाय का खोखा चलाते हैं, को घेरकर पीटा गया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके लोग वहां युवती की मदद करने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें ही टक्कर का जिम्मेदार बताकर मारपीट की गई।
दो समुदायों के बीच झड़प की सूचना मिलते ही कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम और सीओ प्रथम आशुतोष शिवम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर ले ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
