जम्मू, 11 मार्च (हि.स.)। जम्मू के अखनूर सेक्टर के परगवाल बॉर्डर क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए जेकेपीसीसी किसान विभाग के चेयरमैन भारत प्रिये ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि अगस्त-सितंबर 2025 में चेनाब नदी में आई भीषण बाढ़ से खेत, फसलें और सिंचाई व्यवस्था को भारी नुकसान हुआ लेकिन अब तक प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है।

भारत प्रिये ने कहा कि कई महीनों बाद भी पीड़ितों को राहत नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से किसानों और प्रभावित परिवारों को तुरंत मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि परगवाल क्षेत्र में चिनाब के किनारे बाढ़ सुरक्षा तटबंधों की मरम्मत और मजबूती का काम जल्द शुरू किया जाना चाहिए, क्योंकि मानसून का समय फिर करीब आ रहा है।
उन्होंने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही से हजारों लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। भारत प्रिये ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से आगामी मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा कार्य तेज करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
