कठुआ, 10 फरवरी (हि.स.)। विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने अगस्त 2025 की विनाशकारी बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल आपूर्ति और बिजली ढांचे की स्थायी बहाली की जोरदार मांग विधानसभा में उठाई।

एक तारांकित प्रश्न के उत्तर में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चैधरी ने सरकार की ओर से सदन को अवगत कराया कि बाढ़ के बाद सड़कों, जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था की अस्थायी बहाली कर दी गई है तथा स्थायी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। सरकार ने यह भी जानकारी दी कि सहार और मगर खड्ड के चैनलाइजेशन के लिए 1500.71 लाख की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट विचाराधीन है। इस परियोजना का उद्देश्य कठुआ के वार्ड नंबर 6, 7, 8 एवं अन्य निचले इलाकों को भविष्य में बाढ़ से सुरक्षित करना है। बाद में विधायक डॉ. भारत भूषण ने सदन में मौजूद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से व्यक्तिगत रूप से क्षेत्र में हुए नुकसान का विवरण साझा किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त ढांचे की बहाली और बाढ़ से सुरक्षा के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाएगी।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
