आसनसोल, 06 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा प्रत्याशी अरिजीत राय ने सालानपुर ब्लॉक के अलाडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत रामचंद्रपुर गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और चुनाव को लेकर उनकी राय जानी। प्रचार के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय और गर्म हो गया जब गांव के ही प्रदीप मंडल और मनोहर राजभर ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

अरिजीत राय ने दोनों को पार्टी का झंडा थमाकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केवल विपक्षी दल ही नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता भी भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उनके साथ जुड़ रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी ने राज्य की सत्तारूढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। लोगों के घर अब भी कच्चे हैं और रोजगार के अवसरों की भारी कमी है, जिससे खासकर युवाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर वे लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं और उन्हें भाजपा की नीतियों और योजनाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
अरिजीत राय ने यह भी बताया कि उनके प्रचार अभियान से प्रभावित होकर के कुछ कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आने वाले चुनाव में इसका असर जरूर देखने को मिलेगा।
रामचंद्रपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने नए शामिल हुए सदस्यों का स्वागत किया और विश्वास जताया कि इनके जुड़ने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
