फिरोजाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में मंगलवार को शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के निमित्त नगर के श्री स्वामी बच्चू बाबा सरस्वती विद्या मंदिर में चयनित बाल कुंभ का आयोजन किया गया। जिसमें 275 बाल स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। इस बाल कुंभ में महानगर के 10 नगरों में से प्रत्येक नगर से लगभग 25 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। यह सभी स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों अथवा शाखा से सीधे जुड़े हुए हैं।

चयनित बाल कुंभ का शुभारंभ चंद्रनगर विभाग के विभाग प्रचारक अखिलेश ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने बताया कि संघ की शताब्दी वर्ष पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में एक कार्यक्रम यह भी है। जिन बाल स्वयंसेवकों को इसमें भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है, उन सभी के लिए यह वर्ग और भी अधिक यादगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान मजबूत होना चाहिए एवं देशभक्ति भावना उनमें भरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें पढ़ाई के साथ-साथ मैदानी खेलकूद और व्यायाम में भी हिस्सा लेना चाहिए।
इस अवसर पर देशभक्ति के गीतों का भी अभ्यास कराया गया। इस वर्ग में महापुरुषों की पहचान हेतु एक पहचान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही बच्चों को खेलकूद का अभ्यास कराया गया जिसमें जलेबी दौड़ , रस्साकसी, कबड्डी आदि प्रकार के खेलों को सम्मिलित किया गया।
इस अवसर पर महानगर प्रचारक शेखर, महानगर विद्यार्थी प्रचारक दिलीप, वर्ग पालक डॉ वीरेंद्र , रामकुमार, पवन, प्रेम विद्यार्थी प्रमुख कुनाल, बाल प्रमुख हर्ष, पारस, आयुष, शिवम, अर्पण, रुद्राक्ष आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद वर्मा ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
