बिजनौर, 26 फरवरी (हि. स.) | उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनाैर की जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति, मानव गुलदार संघर्ष समिति की बैठकें आयोजित की गई।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि जिले की बान नदी का जीर्णोद्धार भी मालन नदी के तर्ज पर किया जाएगा और नदी के प्रवाह मार्ग का चिन्हांकन कर कब्जा मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने सिंचाई विभाग के नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि बान नदी के प्रवाह क्षेत्र का सर्वे कराएं और उसकी आख्या जल्द से जल्द उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि बान नदी के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने गंगा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ब्लॉक मुहम्मदपुर देवमल क्षेत्र के ग्राम बादशाहपुर, दयालपुर सहित अन्य गांवों के किसी भी नाले गंगा पानी नदी में प्रवाहित न होने पाए। जिलाधिकारी ने पर्यावरण समिति की बैठक की समीक्षा के दौरान वायु प्रदूषण के मानकों का अनुपालन न करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने तथा जुर्माना लगाने तथा चालानों में बढ़ाेत्तरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट के डिस्पोजल की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश कि अस्पतालों में शत प्रतिशत बारकोड लगाना सुनिश्चित करें और बारकोड के आधार पर ही अस्पतालों से बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण भी कराएं।
जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा मानव-गुलदार संघर्ष न्यूनीकरण संबंधी बैठक की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि जहां-जहां गुलदार की घटनाएं हो रही है, वहां पर गुलदार से बचाव के लिए जागरूकता कैंप का आयोजन करें और जहां पर भी गुलदार देखा जा रहा है, वहां पर सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारी करना सुनिश्चित करें, ताकि कोई दुर्घटना न होने पाए । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, डीएफओ, अपर पुलिस अधीक्षक, डीसी मनरेगा सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी तथा धर्मगुरु मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
